युवाओं व व्यापारी को विकास की धूरी में शामिल करेगी सरकार: सीएम
बूचड़खाने बंद होने से प्रदेश में रफ्तार पकड़ेगा ताला उद्योग: योगी
विधान केसरी समाचार
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में ताबड़तोड़ सभा करने के क्रम में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में थे। यहां के नुमाइश ग्राउण्ड के कोहिनूर मंच से मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ ही साथ व्यापारियों को विकास की धुरी में शामिल करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के विकास और उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। हमने विधानसभा चुनाव से पहले कहा था ताला उद्योग को बढ़ावा देंगे। इसके लिए पहल शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा इसकी शुरूआत बूचड़खानों पर ताला डालकर की गई है। अवैध बूचड़ खाने बंद हो जाएंगे तो ताला उद्योग अपने आप बढ़ने लगेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कार्यकाल में सभी को सुरक्षा मिलेगी, विश्वास मिलेगा और नौजवानों को कार्य मिलेगा। हमारी सरकार जब आयी थी तो प्रदेश में अराजकता थी, व्यापारियों के साथ लूट की घटनाएं हो रही थी। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ भी स्मार्ट सिटी में शामिल है। पिछली बार मेयर हमारी पार्टी से थीं लेकिन कार्य नहीं कर पा रही थीं क्योंकि सरकार दूसरी थी। आगरा का पेठा और मथुरा के पेड़े को भी आगे बढ़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमने 24 घण्टे में बूचड़खानों पर ताले लटकाने का कार्य किया।जब हमारी सरकार आई तो हमने यहां के लिए दो निर्णय लिए कि अलीगढ़ के ताले कैसे आगे बढ़वाए जा सके इसके लिए हमने बूचड़खानों पर ताले लगवा दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जन्म भूमि है। उन्होंने देश और दुनिया को अलीगढ़ की पहचान दिलाने का काम किया। मुख्यमंत्री के रूप में भी उन्होंने प्रदेश के अंदर ताले के व्यवसाय को एक नया जीवन देने का काम किया। यहां के लिए सरकार में आते ही सबसे पहले दो निर्णय लिए गए, अलीगढ़ के ताला उद्योग को आगे बढ़ाने और बूचड़खानों पर ताला लगाना। देश के परंपरागत उद्योगों को एक नई पहचान दिलाने का काम करेंगे।
आगरा के पेठा, मथुरा के पेड़ा अलीगढ़ के ताला उद्योग को बढ़ावा देंगे। प्रदेश के युवाओं को रोजगार दिलाने का काम सरकार कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने प्रदेश में जितने भी बूचड़खाने बंद कराने के लिए कहा था, सरकार ने 24 घंटे के अंदर उन पर ताले लगवाए। उन्होंने कहा कि विरोधी निकाय चुनाव में सफल नहीं हो पाएंगे। सरकार ने किसानों को ऋण माफी का काम किया। किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था। ऋण माफी में अलीगढ़ के 78000 किसान बीज योजना में लाभान्वित हुए हैं। दिल्ली और मुंबई की तरह अलीगढ़ वासियों को भी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए आपको अच्छे लोगों को चुनने की आवश्यकता है। अलीगढ़ में एक जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ता डॉ. राजीव अग्रवाल को टिकट थमाकर यह संदेश देने का काम किया है कि पार्टी अलीगढ़ के विकास के लिए संवेदनशील है। अलीगढ़ को विकास की बुलंदियों तक पहुंचाना है। आज जब प्रदेश और देश की सरकार विकास के लिए कृत संकल्पित है। ऐसी स्थिति में अलीगढ़ का विकास सर्वोच्च शिखर पर होगा। सपा सरकार में व्यापारी, किसान सभी वर्ग के लोग परेशान थे। प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, तब से न कहीं पलायन हो रहा है और न ही कोई परेशान है। व्यापारियों एवं बेटियों को सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। यही कारण है अपराधियों के खिलाफ प्रदेश भर में अभियान चलाया गया। अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग खड़े हुए हैं। व्यापारी प्रदेश में निवेश करने को इच्छुक हैं, जिसके चलते अन्य प्रदेशों के व्यापारी उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आ रहे हैं। अब प्रदेश में कहीं दंगा नहीं होता।