बलियाः सौंपा ज्ञापन: बड़े वाहनों के लिए चालू किया जाए जनेश्वर मिश्र सेतु व तुर्तीपार पुल
विधान केसरी समाचार
बलिया। जिला मुख्यालय से सटे जनेश्वर मिश्र सेतु पुल व तुर्तीपार पुल से बड़े वाहनों को सुचारू रूप से चलवाने के लिए संबंध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने गुरुवार की दोपहर डेढ़ बजे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बताते चलें कि व्यापारियों ने मांग किया कि जनेश्वर मिश्र सेतु पुल जो बिहार व यूपी को जोड़ने के लिए नव निर्मित किया गया है, उस पर छोटे वाहनों का संचालन तो जारी है, लेकिन बड़े वाहनों के आवागमन पर अभी भी प्रतिबंध लगाया गया है, जो कहीं से भी न्यायोचित नहीं है।
ठीक इसी प्रकार बेल्थरारोड तहसील अंतर्गत तुर्तीपार पुल जो अंर्तराष्ट्रीय देश नेपाल से यूपी बिहार को जोड़ते हुए बलिया सहित पूरे उत्तर प्रदेश को यातायात सुविधा उपलब्ध कराता है। लेकिन खेद का विषय यह है कि यह दोनों पुल जो बड़े वाहनों के संचालन के लिए प्रतिबंधित हैं। इससे आम व्यवसायी को बड़े मालवाहन व बड़ी यात्री वाहन का संचालन नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में आम व्यवसायी व आम जन यातयात सुविधा से प्रभावित होने के कारण उद्यम, विकास व आम जनता परेशान है। लिहाजा दोनों पुल पर से बड़े वाहनों का संचालन जल्द से जल्द शुरू कराया जाए।