लखीमपुर खीरी: भाजपा जिलाध्यक्ष के चुनाव पर फंसा पेंचरू होना था नामांकन, नाराज प्रदेश नेतृत्व ने होल्ड किया संगठन का चुनाव
विधान केसरी समाचार
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर खीरी में भाजपा में जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर बड़ा उलटफेर हो गया है। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने संगठन के जिलाध्यक्ष चुनाव को होल्ड कर दिया है। यह फैसला मण्डल अध्यक्ष चुनाव में हुई धांधली और शिकायतों के कारण लिया गया है। प्रदेश नेतृत्व की नाराजगी के बाद अब लखीमपुर खीरी जिले के चुनाव पर संगठन मंत्री का सीधा दखल रहेगा।
लखीमपुर खीरी में भाजपा मण्डल अध्यक्ष चुनाव के दौरान धांधली के गंभीर आरोप लगे हैं। इस दौरान दो चुनाव अधिकारियों के वायरल ऑडियो में जिला अध्यक्ष पर सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाने और मनमानी करने का आरोप लगाया गया। इन आरोपों ने प्रदेश नेतृत्व को कड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। चुनाव में कथित हस्तक्षेप और अधिकारियों से सादे कागज पर दस्तखत करवाने के मामलों ने विवाद को और बढ़ा दिया है।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा, लखीमपुर खीरी से धौरहरा लोकसभा सीट की सांसद रह चुकी हैं। उन्हें पूरे देश में संगठन चुनावों की पारदर्शिता को लेकर जिम्मेदारी निभा रही हैं। बावजूद इसके, सबसे पहले लखीमपुर खीरी से ही मण्डल अध्यक्ष चुनाव में धांधली की शिकायतें आईं। इसके चलते भाजपा को अपनी चुनाव प्रक्रिया पर पुनः विचार करना पड़ा।
लखीमपुर खीरी में निघासन विधानसभा के अंतरवेद मण्डल के चुनाव अधिकारी का एक ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने जिला अध्यक्ष और विधायकों पर मण्डल अध्यक्ष के चुनाव में हस्तक्षेप करने और चुनाव अधिकारियों से सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाने का आरोप लगाया है। इस ऑडियो में चुनाव अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयासों के बारे में बताया, जिससे मामले ने और तूल पकड़ा।
मण्डल अध्यक्षों के चुनाव में गड़बड़ी के बाद लखीमपुर खीरी में जिला अध्यक्ष चुनाव भी लटक गया है। प्रदेश संगठन ने फिलहाल केवल 15 मण्डल अध्यक्षों की सूची जारी की है, जबकि बाकी पर मंथन जारी है। इसके कारण अब जिले में भाजपा के जिलाध्यक्ष का चुनाव भी स्थगित कर दिया गया है। भाजपा के स्थानीय नेताओं के बीच लगातार चल रही बैठकों और चर्चाओं के बाद ही स्थिति साफ होगी।