लखीमपुर खीरी: पेड़ पर बैठा तेंदुआ, लोगों में दहशतः निंघासन में भीड़ को देख खेत में छिपा, वन विभाग ने लगाए पिंजरे

0

 

विधान केसरी समाचार

निघासन खीरी। लखीमपुर खीरी के निंघासन में मझगईं वन रेंज क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। तिकोना फार्म के निवासी सोहन सिंह के खेत में स्थित एक सेमल के पेड़ पर तेंदुआ बैठा दिखाई दिया, जिससे आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया।

खेत में मौजूद रामगोपाल, अली अहमद और बिंद्रा प्रसाद सहित अन्य मजदूरों ने जब तेंदुए को देखा, तो वे तुरंत खेत मालिक को सूचित करने पहुंचे। जैसे ही यह खबर फैली, आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग तेंदुए को देखने के लिए जमा हो गए। भीड़ बढ़ने के कारण तेंदुआ पेड़ से उतरकर दलजीत सिंह के गन्ने के खेत में जाकर छिप गया।

क्षेत्र के रेंजर अंकित सिंह ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग को इस इलाके में एक तेंदुए की गतिविधियों की जानकारी पहले से थी। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरे लगाए गए हैं। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।