बलियाः राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शहर स्थित चैक शहीद पार्क में भारत माता पूजन समारोह का किया आयोजन

0

 

विधान केसरी समाचार

बलिया। कुटुम्ब प्रबोधन के तत्वावधान में शहर के चैक स्थित शहीद पार्क में भारत माता पूजन समारोह का आयोजन किया गया। वैदिक रीति से भारत माता की पूजा अर्चना की गई। साथ ही भारत की सुख समृद्धि के साथ पूरी दुनिया में शांति की कामना भी की गई।

सर्वप्रथम मुख्य वक्ता गोरक्षप्रान्त के सह प्रान्त संयोजक संजय शुक्ल, सह नगर संघचालक परमेश्वरनश्री द्वारा भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन के बाद कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर उपस्थित जन को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता संजय शुक्ल ने कहा कि हमारे देश के पूर्वजों ने आततायियों से संघर्ष किया। इससे भारत बच सका। कोई और देश होता तो उसका अस्तित्व बदल गया होता। भारत में ऐसा तभी सम्भव हो सका, क्योंकि हमारे यहां कुटम्ब प्रथा का प्रचलन है।

उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस बालक को राजा बनना था। उसे 14 वर्ष का वनवास मिला, लेकिन वहां कुटुम्ब की प्रथा थी। इसका पालन प्रभु राम ने किया व मर्यादा पुरुषोत्तम राम कहलाएं।

उन्होंने चार पुरुषार्थ की चर्चा करते हुए कहा कि धर्म पूर्वक अपने कर्तव्यों का पालन करते हैं, उसके अनुसार अपना जीवन यापन करतें हैं तो हमारे जीवन का सार्थकता सिद्ध होती है।  उन्होंने आगे कहा कि हमने सत्कार्य व संस्कार अपने पूर्वजों से सीखा है। उस सत्कार्य व संस्कार हमें अपने अगली पीढ़ी में पहुंचाना होगा। उन्होंने आगे कहा कि भारत माता हमारी आराध्या हैं और हमारे सभी कार्य व सत्कर्म भारत माता में ही समाहित हो जाता है।

राष्ट्र व भारत माता की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र तभी शक्तिशाली बनेगा जब परिवारों में एकता और राष्ट्रीयता की भावना जागृत होगी। व्यक्ति को सामाजिक इकाई मानना गलत धारणा है। वास्तव में परिवार ही आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक इकाई है। कुटुंब प्रबोधन के माध्यम से संघ समाज के विभिन्न परिवारों के बीच बेहतर समन्वय, परस्पर सहयोग और सद्भाव स्थापित करने का प्रयास करता है, ताकि समाज और देश मजबूत बन सके।

उन्हों बताया कि व्यक्ति को संस्कार सबसे पहले उसके परिवार से मिलते हैं। समाज को सुसंस्कृत, चरित्रवान, राष्ट्र के प्रति समर्पित और अनुशासित बनाने में परिवार की अहम भूमिका होती है। इसलिए संघ स्वयंसेवकों के परिवारों को भारतीय संस्कृति की मूल अवधारणाओं से जोड़कर समाज को सशक्त बनाने का प्रयास कर रहा है।  अंत मे भारत माता की आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। अतिथियों का परिचय नगर संयोजक कुटुम्ब प्रबोधन संजय वर्मा ने कराया, गणगीत बाल स्वयंसेवक ढाई वर्ष का सत्यम ने कराया।

इस अवसर पर जिला कार्यवाह अरुण मणि, जिला प्रचारक अखिलेश्वर,  डॉ. सन्तोष तिवारी, चंद्रशेखर, मारुति नन्दन, नगर प्रचारक गगन,  बाल्मीकि ठाकुर, अक्षय ठाकुर, प्रभात, चित्रेश, धनन्जय उपाध्याय, श्रीमती भारती सिंह के साथ अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होकर भारत माता की आरती किए।