यूपी के सोनभद्र में गाड़ी से टक्कर के बाद हुई फायरिंग, दो घायल

0

 

यूपी के सोनभद्र जिले में दो गाड़ियों के बीच टक्कर के बाद फायरिंग का मामला सामने आया है। यहां रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में शीतला चौराहे के पास एक कार की खड़ी गाड़ी से टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिसमें गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। वहीं इस हादसे के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पन्नूगंज निवासी मुरली अपनी कार से बरौली की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में शीतला चौराहे के पास उसकी कार एक खड़ी गाड़ी से टकरा गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद गाड़ी मालिक राजा बाबू और उसके साथी सूरज सोनकर और विकास सोनकर कार चालक मुरली से मारपीट करने लगे। उन्होंने बताया कि इसी बीच, मौका पाकर मुरली ने फोन कर अपने साथियों नितेश सिंह को मौके पर बुलाया तथा उसके साथ जन्मेजय और रितेश कुमार भी पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीना ने बताया कि मारपीट के दौरान नितेश सिंह ने अपनी पिस्तौल से गोली चला दी। फायरिंग की इस घटना में गोली लगने से राजा बाबू का साथी विकास सोनकर और खुद नितेश भी घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।