पीलीभीतः नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल का आयोजन, स्कूली बच्चों को दी गई पक्षियों और जलीय जीवों की जानकारी
विधान केसरी समाचार
पीलीभीत। पूरनपुर बफर जोन संपूर्णानगर वन रेंज के द्वारा नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल कार्यक्रम का आयोजन वेटलैंड क्षेत्र में किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को जलीय जीवों और पक्षियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने नदी, झीलों, तालाबों, और नालों के संरक्षण पर जोर दिया और जल, जलीय जीवों तथा पक्षियों के संरक्षण के लिए अपील की।
कार्यक्रम का आयोजन संपूर्णानगर वन रेंज के वन दरोगा पुष्कर सिंह के नेतृत्व में मुरैना गांधीनगर वेटलैंड क्षेत्र में हुआ। यहां बर्ड वाचिंग कार्यक्रम के तहत, क्षेत्र के विद्यालयों के छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों को वन दरोगा पुष्कर सिंह ने जल और जलीय जीवों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा, ष्जल का संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है क्योंकि जल के साथ जलीय जीवों का भी संरक्षण होता है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रवासी पक्षी इस क्षेत्र में आते हैं और यहां के कुछ पक्षी मगरमच्छों के साथ मित्रता संबंध रखते हैं, जो मगरमच्छ के मुंह में सफाई का काम करते हैं।
कार्यक्रम में छात्रों को यह भी बताया गया कि जल स्रोतों में कभी भी कचरा, गंदगी, केमिकल या विषैला पदार्थ नहीं डालना चाहिए, क्योंकि यह जलीय जीवों के जीवन के लिए खतरा पैदा कर सकता है। इस जानकारी के माध्यम से जागरूकता फैलाने की कोशिश की गई कि लोग जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण में योगदान दें।
नेचर एंड बर्ड फेस्टिवल के दौरान, छात्रों द्वारा पशु-पक्षियों के मनमोहक चित्र बनाकर पोस्टर प्रदर्शित किए गए। इस कार्यक्रम में वन दरोगा पुष्कर सिंह, सदन लाल, वनरक्षक हीरालाल, शमशेर सिंह, रामकुमार उर्फ शेरा, सूर्यभान, महेंद्र आर्या और अन्य वन कर्मी तथा पूर्व रामनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष श्रीवास्तव, शास्त्री नगर ग्राम प्रधान मनोज सिंह, भरतपुर ग्राम प्रधान शमशेर आलम, शांतिनगर ग्राम प्रधान रामकृपाल वर्मा, और अशोकनगर ग्राम प्रधान सूर्यभान मदेशिया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।