अमेठीः सर्विसलेन का निर्माण कार्य हुआ शुरू
विधान केसरी समाचार
अमेठी । यह उपलब्धि व्यापार मंडल के निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने इस मुद्दे को लगातार अधिकारियों के समक्ष उठाया करीब दो वर्ष पूर्व 102 बी रेलवे क्रॉसिंग पर सेतु निगम द्वारा फ्लाईओवर का निर्माण किया गया था। निर्माण के दौरान कई व्यापारिक प्रतिष्ठान और आवासीय भवन प्रभावित हुए थे। हालांकि, फ्लाईओवर के पूरा होने के बाद भी सर्विसलेन का निर्माण नहीं हो पाया था, जिससे स्थानीय व्यापारियों और हजारों राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री, विभाग के प्रमुख सचिव और जिला अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया। उनके प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और सेतु निगम ने कार्य शुरू करने का निर्णय लिया।सेतु निगम के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजर प्रशांत सिंह के अनुसार, दो दिन में स्थल का निरीक्षण करने के बाद मंगलवार से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सर्विसलेन के निर्माण से न केवल व्यापारियों को राहत मिलेगी, बल्कि उन हजारों लोगों को भी सुविधा होगी जो प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करते हैं।