मिलकः विहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई गई
विधान केसरी समाचार
मिलक। शुक्रवार को आल इंडिया महापदम नंद कम्युनिटी एजुकेटेड एसोसिएशन के द्वारा जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101 वीं जयंती नगर के तीन बत्ती चैराहा स्थित अंबेडकर पार्क के निकट मनाई गई। कार्यक्रम में ऑल इंडिया महापदम नंद कम्युनिटी एजुकेटेड संगठन के प्रदेश अपर महासचिव रमेश श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर का जन्म 24 जनवरी 1924 को बिहार प्रदेश में पितोछी गांव में हुआ था जिसका वर्तमान में कर्पूरी ग्राम नाम हो चुका है। इनकी माता का नाम रामदुलारी एवं पिता का नाम गोकुल ठाकुर था। कर्पूरी ठाकुर पढ़ने में बहुत मेधावी छात्र रहे उन्होंने अपने जीवन काल में अपना पक्का मकान तक नहीं बनाया। जबकि आजकल के नेताओं में यह चीज दिखाई नहीं देती। कर्पूरी ठाकुर दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे उन्होंने बिहार प्रदेश में पिछड़ी,अति पिछड़ी एवं दलित वंचित, शोषित लोगों के लिए आरक्षण की अलग से व्यवस्था की। कार्यक्रम में बोलते हुए संगठन के मंडल अध्यक्ष परमानंद ने कहा कि हम कर्पूरी ठाकुर से प्रेरणा लें और उनके बताएं रास्ते पर चलें। कहा कि कर्पूरी ठाकुर हमेशा कमजोर वर्ग की हिमायत करते थे और उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए अपना जीवन बड़ी सादगी से बिताया। इस अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष राम सिंह श्रीवास्तव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के विचारो को अपनाने के लिए एवं समाज को जागृत करने के लिए संगठन व्यापक प्रचार प्रसार करेगा। और गांव गांव जाकर जनपद में अपने समाज को एकत्र करके उनकी गणना कराने का काम करेगा। कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती हम लोग प्रत्येक वर्ष बहुत ही धूमधाम से मनाते हैं। कर्पूरी ठाकुर राजनीति में शीर्ष नेताओं के प्रेरणा स्रोत आज भी हैं। इस अवसर पर नवनीत यदुवंशी, महेंद्र पाल, विजय सिंह राणा, हरिनंदन सागर, राम प्रसाद,मदनलाल, राम अवतार, आशीष श्रीवास्तव, त्रिभुवन श्रीवास्तव, राजेंद्र गंगवार,अनुज गौतम,सतीश, सरताज सलमानी, सहित सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।