उन्नाव: बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे धर्मकांटों पर प्रशासन बेखबर, अवैध गतिविधियों का अड्डा बने केंद्र

0

 

विधान केसरी समाचार

उन्नाव। बीघापुर तहसील क्षेत्र के पाटन व आसपास के कई स्थानों पर बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से धर्मकांटे संचालित हो रहे हैं, जो न केवल नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, बल्कि अवैध धंधों के केंद्र भी बन चुके हैं। इन धर्मकांटों का उपयोग तौल में गड़बड़ियों के अलावा, अवैध कटाई की लकड़ी के स्टोरेज और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि इन धर्मकांटों के माध्यम से अवैध व्यापार को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अपराध और भ्रष्टाचार को बल मिल रहा है। बिना किसी वैध दस्तावेज और प्रशासनिक अनुमति के ये धर्मकांटे वर्षों से चल रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।सूत्रों की मानें तो इन धर्मकांटों पर अवैध लकड़ी के भंडारण के अलावा, अन्य गैरकानूनी धंधे भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके बावजूद, स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या प्रशासन इन गतिविधियों से अनजान है या फिर मिलीभगत के चलते चुप्पी साधे हुए है?किसानों और व्यापारियों ने इन अवैध धर्मकांटों को तत्काल बंद कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की अपील की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या रुख अपनाता है और कब तक अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कदम उठाता है।